जावद। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जावद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 ग्राम एमडी ड्रग्स और 12 किलोग्राम अफीम डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मादक पदार्थों के साथ एक ऑडी कार, मोबाइल फोन सहित करीब 17.64 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक हर्ष राठौर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जावद के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
नाकाबंदी के दौरान पकड़ी ऑडी कार-
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 की रात अवैध मादक पदार्थों के परिवहन की सूचना मिलने पर जावद पुलिस ने नीमच-निंबाहेड़ा फोरलेन हाईवे पर भारत होटल के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध ऑडी कार क्रमांक HR 70 G 8823 को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार एवं आरोपियों के कब्जे से पारदर्शी प्लास्टिक की थैली में रखा 20 ग्राम एमडी ड्रग्स, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपए, तथा प्लास्टिक के कट्टे में रखा 12 किलोग्राम अफीम डोडाचूरा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 36 हजार रुपए, बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों मादक पदार्थों को नियमानुसार जब्त कर लिया।
दो आरोपी गिरफ्तार-
मामले में पुलिस ने मोहम्मद अकरम पिता आजाद मोहम्मद, उम्र 36 वर्ष तथा मोहम्मद रिजवान पिता मोहम्मद शाकिर, उम्र 29 वर्ष, दोनों निवासी राजस्थान को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना जावद में अपराध क्रमांक 374/2026, धारा 8/15, 22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
तस्करी नेटवर्क की जांच जारी-
पुलिस द्वारा आरोपियों से मादक पदार्थों के स्रोत, सप्लाई चैन और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
17.64 लाख रुपए का मशरूका जब्त
पुलिस के अनुसार कार्रवाई में—
20 ग्राम एमडी ड्रग्स — करीब 2 लाख रुपए
12 किलो डोडाचूरा — करीब 36 हजार रुपए
ऑडी कार — करीब 15 लाख रुपए
मोबाइल फोन एवं अन्य सामग्री
सहित कुल करीब 17.64 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया गया है।
सराहनीय भूमिका: कार्रवाई में थाना प्रभारी जावद एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।