चित्तौड़गढ़। चत्तौड़गढ़ दुर्ग स्थित श्री नागचंद्रेश्वर महादेव मंदिर में सोमवार, 17 अगस्त 2026 को भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक, विशेष श्रृंगार, छप्पन भोग एवं सुंदरकांड पाठ का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। धार्मिक आयोजन दुर्ग के श्री बाल मानस मंडल के सानिध्य में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मंदिर में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की अयोध्या स्वरूप प्रतिमा भी विराजित की गई। मंदिर परिसर को फूल-मालाओं से आकर्षक रूप से सजाया गया तथा भगवान नागचंद्रेश्वर महादेव का मनोहारी श्रृंगार किया गया। महादेव को फूल, फल एवं विभिन्न प्रकार की प्रसादी का भोग अर्पित किया गया।
विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना-
पंडित एवं पुजारी जुगल किशोर शर्मा ने महाआरती संपन्न कराई। वहीं पुजारी महेश चंद्र शर्मा, दिनेश चंद्र शर्मा एवं सत्यनारायण शर्मा के सानिध्य में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का अभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर-
शाम को डमरू, ढोल-नगाड़ों और मंजीरों की भक्तिमय धुनों के बीच महाआरती की गई। इस दौरान मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “ॐ नमः शिवाय” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन करते हुए भगवान शिव की आराधना की और भक्तिरस में लीन नजर आए।
धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भक्तगण शामिल हुए। हरीश ईनाणी, मनोहर सुथार, भगवानलाल, देवकीनंदन, मुकेश, प्रवेश, प्रीतम, अनिल एवं गोपाल शर्मा सहित अन्य भक्तों ने भगवान नागचंद्रेश्वर महादेव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि एवं मंगल की कामना की।