नीमच। राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को लेकर सिंगोली निवासी पंकज तिवारी करीब 100 किलोमीटर की पदयात्रा कर नीमच पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर 13 अगस्त को ग्राम झांतला में निकाली गई तिरंगा यात्रा के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि तिरंगा यात्रा के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के साथ अनुचित व्यवहार किया गया तथा एक व्यक्ति द्वारा कथित रूप से तिरंगे को उल्टा फहराया गया। शिकायतकर्ता ने घटना से संबंधित फोटो एवं वीडियो को डिजिटल साक्ष्य बताते हुए मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
पंकज तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन-बान और शान का प्रतीक है और उसके सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। हालांकि, लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।