रतलाम। जिले के धराड़ के पास लेबड़-नयागांव फोरलेन पर हुए कार हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना रविवार सुबह की बताई जा रही है। यहां राजस्थान से महाराष्ट्र जा रहे एक परिवार की कार असंतुलित होकर पुलिया से नीचे नाले में जा गिरी। हादसे में घायल लोगों को स्थानीय लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया जहां रास्ते में कार के ड्राइवर की मौत हो गई। वहीं, एक महिला सहित तीन घायलों को जिला अस्पताल में उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
बिलपांक पुलिस थाना क्षेत्र के धराड़ के पास यह दुर्घटना हुई है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार के सफेद रंग की कार तेज रफ्तार से इंदौर तरफ जा रही थी। तभी कार असंतुलित होकर पेड़ से टकराते हुए 20 फीट नीचे नाले में जा गिरी। आसपास के ग्रामीणों ने घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला और टोल प्लाजा के वाहन से घायलों को जिला अस्पताल तक पहुंचाया गया। लेकिन जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने कार के ड्राइवर यतीश गामड़ (34) को मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे में नंदूरबार महाराष्ट्र के रहने वाले ठाकरे परिवार के योगीता पति जितेंद्र ठाकरे (40), जितेंद्र पिता पितांबर ठाकरे (45) एवं विजय पिता विष्णु ठाकरे (40) को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रतलाम में भर्ती करवाया गया है। बिलपांक थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।