इंदौर | तेजाजी नगर इलाके में रहने वाले निजी ड्रायवर ने अपनी पत्नी के मायके जाने के बाद जहर खाकर जान दे दी। परिवार के लोगों ने बताया कि एक दिन पहले ही पत्नी मायके गई थी। संभवत: दोनों के बीच किसी बात को लेकर मतभेद हुए होंगे। जिसके बाद पति ने यह कदम उठा लिया। पुलिस को घर से किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है।
तेजाजी नगर पुलिस के मुताबिक गौरीशंकर (25) पुत्र रेवा राम रोकड़े की जहर खाने के कारण मौत हो गई। गौरीशंकर को शनिवार को एमवाय अस्पताल में रिश्तेदारों ने भर्ती कराया था। यहां रविवार शाम उसने दम तोड़ दिया। रिश्तेदार महेश ने बताया गौरीशंकर निजी कंपनी की गाड़ी चलाता था। शनिवार को वह काम पर नहीं गया। जिसके बाद उसने यह कदम उठा लिया।
एक दिन पहले शुक्रवार को गौरीशंकर की पत्नी ज्योति अपने मायके खरगोन के पास नालदड़ी ग्राम में गई थी। संभवतः: पत्नी के जाने के समय दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई होगी। पुलिस के मुताबिक अभी पत्नी के बयान नहीं हो पाए हैं। गौरीशंकर का एक चार साल का बेटा भी है।