इन्दौर। खण्डवा शहर के लाल चौकी निवासी उमा राठौर का पिछले 6 माह से पेट दर्द हो रहा था, परंतु वे मेडिकल स्टोर से गोली मंगाकर खा लेते थे। उसके बाद 15 दिन पूर्व पेट में भयानक दर्द होने के कारण उमा का बेटा पवन राठौड़ दादाजी धूनीवाले जिला चिकित्सालय खंडवा लेकर आया। यहां पर डॉ. आर.आर. यादव को दिखाया। उन्होंने सोनोग्राफी करवाई, जिसमें पता चला कि पेट में 14 एम.एम. की गठान है। उसके पश्चात उन्होंने डॉ. लक्ष्मी डोडवे स्त्री रोग विशेषज्ञ को दिखाने की सलाह दी। उमा के परिवार वालों ने डॉ. लक्ष्मी डोडवे को दिखाया, जहां उमा का चेकअप करने के पश्चात सीटी स्कैन व अन्य आवश्यक जांचें, जिसमें सीबीसी, ब्लड ग्रुप,एचआईवी, वीडीआरएल, एचबीएसएजी, यूरिन, शुगर एवं अन्य जांचें करने के पश्चात कहा गया कि ऑपरेशन करके गठान निकालनी पड़ेगी और 13 जून 2023 को एडमिट किया।
उमा ने बताया कि उसके परिवार वालों ने ऑपरेशन हेतु सहमति दी एवं डॉ. डोडवे स्त्री रोग विशेषज्ञ, डॉ. रश्मि सीनियर रेजिडेंस मेडिकल कॉलेज खंडवा एवं डॉ. मेघा होरे द्वारा 19 जून को सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया। इसके बाद उमा को एक यूनिट खून चढ़ाया गया। उमा राठौर को आयुष्मान भारत योजना के तहत सभी सुविधाएं निःशुल्क प्राप्त हुई है। उमा राठौर ने बताया कि अगर वह प्राइवेट अस्पताल में ऑपरेशन करवाने जाती तो उसे लगभग 40 हजार रूपये खर्च आता, जो उसके लिए संभव नहीं था। क्योंकि उसके पति भी नहीं है और बच्चे कपड़े की दुकान पर काम करते हैं, इसीलिए जिला चिकित्सालय खंडवा में ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। आयुष्मान भारत योजना उमा के लिए वरदान साबित हुई। उसे यहां पर डॉक्टर एवं स्टाफ का भरपूर सहयोग मिला। उमा के बेटे पवन राठौड़ द्वारा खुशियां जाहिर करते हुए बताया कि उसकी मां अभी पूरी तरह से स्वस्थ है और अस्पताल में भर्ती है। पवन ने जिला चिकित्सालय के डॉक्टर्स एवं स्टॉफ का आभार प्रकट किया है। उसने बताया कि यहां पर बेहतर सुविधा मिलने की वजह से आज उसकी मां की जान बच गई है।