सरवानिया महाराज। नगर के वार्ड क्रमांक-1 स्थित रिहायशी क्षेत्र में बुधवार सुबह आग लगने की घटना में एक युवक घायल हो गया। जबकि घर में रखा बड़ी मात्रा में घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9.30 बजे अजय पिता किशोर खटीक अपने घर में गैस चूल्हे पर दूध गर्म कर रहा था। इसी दौरान अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आने से अजय के एक हाथ एवं पैर झुलस गए।
युवक की चीख-पुकार सुनकर उसके बड़े भाई आशीष खटीक ने तत्काल पड़ोसियों को सूचना दी। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी सरवानिया महाराज की डायल- 112 टीम भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
आगजनी की इस घटना में मोबाइल फोन, कपड़े, गेहूं, पंखे, मोटर, नगद राशि सहित बड़ी मात्रा में घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना पर हल्का पटवारी महेश भाटी भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का पंचनामा तैयार किया। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। वहीं पीड़ित परिवार ने पुलिस चौकी में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है।