मंदसौर। जिले में अपराधों की रोकथाम एवं अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना नई आबादी पुलिस ने एक युवक को अवैध देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र भास्कर के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई को अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 17 जून 2026 को थाना नई आबादी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक अवैध हथियार लेकर क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल एवं एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने हथियार और कारतूस जब्त कर आरोपी के विरुद्ध थाना नई आबादी में अपराध क्रमांक 107/26 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तौहीद पिता मोहम्मद सलीम पठान (19 वर्ष), निवासी इंदिरा कॉलोनी, थाना वायडी नगर, मंदसौर के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाई से जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा अपराधियों में पुलिस का भय कायम करने में मदद मिलेगी। वहीं आमजन में सुरक्षा की भावना भी मजबूत होगी। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी नई आबादी कुलदीप सिंह राठौर एवं उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।