जावद/नीमच। नीमच जिले की जावद तहसील के ग्राम कानका में तीन फीट जमीन के विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। बुधवार सुबह खेत पर बुलाकर एक अधेड़ की कथित रूप से कुल्हाड़ी और लाठियों से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। वहीं मृतक के परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर मेसी शोरूम के सामने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
मृतक पूरणमल पिता बद्रीलाल तेली के परिजनों के अनुसार जमीन विवाद को लेकर पिछले 15 दिनों से दोनों पक्षों के बीच तनाव चल रहा था। आरोप है कि बुधवार सुबह पूरणमल को खेत पर बुलाया गया, जहां उसके सगे भाई रामनिवास सहित 8 से 10 लोग पहले से मौजूद थे। परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने पहले उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंका और फिर कुल्हाड़ी एवं लाठियों से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
घटना में मृतक की पत्नी संपतबाई और पुत्र जीवन भी घायल हुए हैं। संपतबाई का उपचार जिला चिकित्सालय नीमच में चल रहा है, जबकि जीवन का इलाज निजी अस्पताल में किया जा रहा है।
हत्या के विरोध में मृतक के परिजनों और समाजजनों ने मेसी शोरूम के सामने सड़क जाम कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, कड़ी कार्रवाई तथा सुरक्षा की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से चर्चा में जुटे रहे।
मृतक की पुत्री वंदना ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि पूर्व में भी पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं होने से यह घटना हुई।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।