शाजापुर। माता मंदिर प्रांगण में बारिश, गर्मी और सर्दी के मौसम में यहां आने वाले भक्तों को आसमान के नीचे खड़ा रहना पड़ता है। इससे परेशानी होती है। ऐसे में नलखेड़ा में मां बगुलामुखी मंदिर प्रांगण में लगाए गए डोम की तरह डोम निर्माण की मांग होने लगी। धर्मस्व विभाग मंत्री उषा ठाकुर के शाजापुर पहुंचने पर माता मंदिर समिति और माता के भक्तों ने डोम निर्माण के लिए मांग की। मंत्री ने विभाग से 30 लाख रुपए की घोषणा की। 15 लाख रुपए सांसद महेंद्रसिंह सोलंकी ने देने की घोषणा की। 45 लाख रुपए की लागत से डोम का निर्माण किया जाना तय किया गया। इसके लिए पहले टेंडर जारी किए गए। आगर के ठेकेदार ने लिया गया, लेकिन बाद में ठेकेदार ने कार्य नहीं किया। इसके बाद दोबारा टेंडर जारी किया गया। जिसे उज्जैन के ठेकेदार ने लिया। अधिकारियों के लगातार कहे जाने के बाद ठेकेदार ने काम शुरू करवाया, लेकिन लगातार गुणवत्ता पर सवाल उठते रहे। इस पर भी ठेकेदार द्वारा ध्यान नहीं दिया गया। पिछले दिनों नपा उपाध्यक्ष पं. संतोष जोशी सहित मंदिर पुजारी एवं अन्य गणमान्यजनों ने कार्य में लापरवाही का आरोप लगाया था। इसके बाद आरइएस ने ठेकेदार को मिस्त्री और कारीगर को बदलने के लिए कहा, लेकिन ठेकेदार ने ध्यान नहीं दिया। इसके चलते गत दिनों मंदिर पहुंचकर आरइएस अधिकारियों ने मिस्त्री और कारीगर को हटाकर काम रुकवा दिया। साथ ही ठेकेदार को दूसरे मिस्त्री एवं कारीगर को लगाने के लिए निर्देश दिए।