नीमच। दिखने में साधारण कपड़े का एक बैग और बस का इंतजार करता एक व्यक्ति... लेकिन इसी बैग ने नीमच पुलिस को नशे के बड़े नेटवर्क तक पहुंचा दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 किलो 150 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत करीब 51 लाख रुपये बताई जा रही है।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने सोमवार को नीमच पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता में कार्रवाई की जानकारी दी।
एसपी व्यास ने बताया कि नीमच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजस्थान निवासी सुमेर राम (43 वर्ष) अवैध अफीम लेकर राजस्थान जाने वाली बस का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही नीमच कैंट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद कपड़े के बैग में चार अलग-अलग थैलियां मिलीं। जांच करने पर उनमें 10 किलो 150 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मादक पदार्थ जब्त कर लिया।
तस्करी नेटवर्क की जांच जारी-
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम कहां से लाई गई थी, इसे किसे सप्लाई किया जाना था और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन-कौन हैं।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में नीमच कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ शर्मा, उपनिरीक्षक जाकिर हुसैन मंसूरी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।