भगवानपुरा। “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ रविवार को नगर के सनातनी बंधुओं द्वारा नन्हेंश्वर धाम से गुप्तेश्वर महादेव, कामोद तक भव्य कावड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। मार्ग में जगह-जगह कावड़ यात्रियों का स्वागत किया गया तथा सेवा स्टॉल लगाकर श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की गईं।
यात्रा की शुरुआत से पहले कावड़ियों ने नन्हेंश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं अभिषेक किया। इसके बाद कावड़ में जल भरकर यात्रा प्रारंभ की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कावड़ लेकर भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए पैदल रवाना हुए।
चौथे वर्ष निकली कावड़ यात्रा-
आयोजक समिति के सदस्यों ने बताया कि यह कावड़ यात्रा लगातार चौथे वर्ष आयोजित की जा रही है। इस वर्ष पिछले वर्षों की तुलना में श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ देखने को मिली। क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं अच्छी फसल की कामना को लेकर प्रतिवर्ष यह धार्मिक यात्रा आयोजित की जाती है।
कावड़ यात्रा भगवानपुरा, धूलकोट, काबरी, भूलवानिया होते हुए कामोद स्थित सतपुड़ा पर्वत की गुफा में विराजित गुप्तेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। करीब 24 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर कावड़ियों ने भगवान गुप्तेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
समापन पर हुआ भंडारा-
यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए सेवा स्टॉल लगाए गए। यात्रा के समापन के बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं को कड़ी-खिचड़ी की प्रसादी वितरित की गई।
आयोजक समिति ने बताया कि आगामी वर्ष कावड़ यात्रा को और अधिक भव्य एवं व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा।