चित्तौड़गढ़। पिस्तोलनुमा एयरगन के साथ रील बनाकर उसे इंस्टाग्राम पर वायरल करने और इसके जरिए आमजन में भय एवं दहशत का माहौल पैदा करने का प्रयास करने के मामले में बेगूं पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय जयपुर द्वारा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं आमजन में भय उत्पन्न करने वाली गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बेगूं पुलिस भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रख रही है।
इसी दौरान पुलिस के संज्ञान में आया कि कैलाश पुत्र सुखलाल बलाई निवासी सुलीमगरा, थाना बेगूं ने पिस्तोलनुमा एयरगन के साथ रील बनाकर उसे इंस्टाग्राम पर वायरल किया। पुलिस के अनुसार रील के माध्यम से आमजन में दहशत उत्पन्न करने का प्रयास किया गया।
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रील बनाने एवं उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले युवक कैलाश बलाई को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम-
कार्रवाई में एएसआई लेखराज एवं कांस्टेबल अरुण की भूमिका रही। पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक गतिविधियों की निगरानी लगातार जारी है।