चित्तौड़गढ़। जिला विशेष टीम (डीएसटी चोरी निरोधक टीम) एवं थाना पारसोली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मंदिरों में चोरी और महिलाओं के पहने हुए आभूषण लूटने वाली अंतरराज्यीय चोर-लुटेरा गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया है। वहीं दो अन्य साथियों को नामजद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों ने राजस्थान और मध्यप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में मंदिरों से सोने-चांदी के मुकुट, छत्र, प्रतिमाओं के आभूषण, दानपात्र की राशि तथा महिलाओं के पहने हुए जेवर चोरी करने की 9 वारदातों का खुलासा किया है।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से पहुंची पुलिस गैंग तक-
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में रात्रि के समय मंदिरों में चोरी और महिलाओं के आभूषण चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए डीएसटी टीम को विशेष निर्देश दिए गए थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) गजेंद्र जोधा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रावतभाटा अशोक मीणा एवं वृताधिकारी बेगूं अंकित कुड़ी के निर्देशन में थाना पारसोली प्रभारी आशुतोष सिंह एवं डीएसटी टीम ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने घटनास्थलों एवं आने-जाने वाले मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, पुराने अपराधियों की जानकारी जुटाई और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर तंत्र के आधार पर संदिग्धों की निगरानी की। जांच में सामने आया कि गिरोह राजस्थान के चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ सहित मध्यप्रदेश के क्षेत्रों में लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
पारसोली क्षेत्र की घटना से खुला मामला-
दिनांक 2 जुलाई 2026 को पारसोली थाना क्षेत्र के डेकड़ीखेड़ा निवासी भैरूलाल पुत्र कजोड़ गुर्जर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात करीब 2 बजे चार अज्ञात चोर घर में घुसे और उनकी पत्नी नोजी बाई के कानों के सोने के टॉप्स, रामनवमी, दो मादलिया तथा घर में रखे 95 हजार रुपये चोरी कर ले गए।
इस दौरान परिवार के लोगों ने चोरों को पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पत्थर फेंककर हमला कर दिया, जिससे भैरूलाल एवं उनके पुत्र को चोटें आईं।
इसी रात गांव के चारभुजानाथ मंदिर का ताला टूटा मिला। मंदिर से भगवान को पहनाया गया चांदी का मुकुट और चांदी की गाय चोरी होना पाया गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने अंतरराज्यीय गैंग का खुलासा किया।
चार आरोपी गिरफ्तार-
- अमरू नाथ पुत्र शम्भूनाथ कालबेलिया, निवासी चर्लिया ब्राह्मणान, थाना कोतवाली निम्बाहेड़ा।
- अम्बालाल पुत्र शम्भूलाल कालबेलिया, निवासी कांटी, थाना गंगरार।
- विक्रम पुत्र मिठ्ठुनाथ कालबेलिया, निवासी चर्लिया ब्राह्मणान, थाना कोतवाली निम्बाहेड़ा।
- जितेंद्र पुत्र साधूनाथ कालबेलिया, निवासी कांटी, थाना गंगरार।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कई चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है, जिनसे अन्य घटनाओं के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
इन वारदातों का हुआ खुलासा-
- पारसोली थाना क्षेत्र के डेकड़ीखेड़ा चारभुजानाथ मंदिर से चांदी का मुकुट और चांदी की गाय चोरी।
- निम्बाहेड़ा कोतवाली क्षेत्र के चांदखेड़ा मंदिर में चोरी।
- भेरूखेड़ा मंदिर से छत्र और मुकुट चोरी।
- खेड़ा जदीद मंदिर में चोरी।
- सदर निम्बाहेड़ा क्षेत्र के बिनोता मंदिर के दानपात्र से नकदी चोरी।
- छोटीसादड़ी क्षेत्र के हनुमान मंदिर में चोरी।
- नीमच मध्यप्रदेश में हाईवे स्थित मंदिर से दानपात्र चोरी।
- पारसोली क्षेत्र में महिला के पहने हुए जेवर चोरी।
- बस्सी थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा के पास महिला के कानों के टॉप्स चोरी।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका-
थाना पारसोली टीम-
थानाधिकारी आशुतोष सिंह, एएसआई सूरजमल, राजकुमार (साइबर सेल), कांस्टेबल रघुवीर एवं सोनाराम।
जिला विशेष टीम (चोरी निरोधक टीम)-
प्रभारी पुलिस निरीक्षक जोधाराम, कांस्टेबल रामावतार (साइबर सेल), सुनील कुमार, दुर्गेश, हेमराज, रतन, पदम कुमार, जोगेंद्र, मनीष, पुरखराम, साहिल, राकेश एवं मुकेश।
सहयोगी टीम थाना कोतवाली निम्बाहेड़ा-
थानाधिकारी प्रवीण टांक, एएसआई ओमप्रकाश मेनारिया, हेड कांस्टेबल हरविंद्र, कांस्टेबल रणजीत, हेमंत एवं सरियाराम।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य वारदातों एवं आरोपियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।