मंदसौर। नारायणगढ़ थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय डोडाचूरा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे वाली स्विफ्ट कार से 44 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद कर वाहन सहित अन्य सामग्री जब्त की है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं अनुविभागीय अधिकारी मल्हारगढ़ पी.एस. बघेल के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।
मुखबिर सूचना पर खेजड़ी फंटा क्षेत्र में कार्रवाई-
थाना प्रभारी नारायणगढ़ निरीक्षक राजेंद्र कुमार पवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना के आधार पर खेजड़ी फंटा से ईरली रोड, भोपाल सिंह के कुएं के पास कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी रविंद्र पिता भागीरथ बेड़ा (जाट), उम्र 28 वर्ष, निवासी बेड़ों की ढाणी, गजसिंहपुरा, तहसील भोपालगढ़, जिला जोधपुर (राजस्थान) के कब्जे वाली स्विफ्ट कार क्रमांक MP-07-ZM-2201 की तलाशी ली गई।
तलाशी में कार से 44 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने डोडाचूरा जितेंद्र सिंह उर्फ लाल सिंह सौंधिया राजपूत, निवासी भांगी पिपलिया, थाना नारायणगढ़ से लाना बताया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना नारायणगढ़ में अपराध क्रमांक 252/26 के तहत धारा 8/15, 29 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जब्त सामग्री-
- 44 किलोग्राम डोडाचूरा, कीमत लगभग 88 हजार रुपये
- मारुति स्विफ्ट कार क्रमांक MP-07-ZM-2201, कीमत लगभग 6 लाख रुपये
- एंड्रॉयड एवं की-पैड मोबाइल, कीमत लगभग 16 हजार रुपये
- एयरटेल कंपनी का डोंगल, कीमत लगभग 1 हजार रुपये
पुलिस टीम की भूमिका-
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नारायणगढ़ एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है।