नीमच। वंदे मातरम् के कथित अपमान के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा रविवार शाम फोर जीरो भारत माता चौराहे पर कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। इसके बाद हाथों में कैंडल लेकर भारत माता चौराहा, कमल चौक होते हुए विजय टॉकीज चौराहे तक कैंडल मार्च निकाला गया।
समापन स्थल पर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में ‘वंदे मातरम् हमारा स्वाभिमान है, इसका अपमान नहीं सहेंगे’ जैसे संदेश लिखी तख्तियां भी नजर आईं।
भाजपा नेताओं ने कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वंदे मातरम् के पूर्ण गायन के दौरान सामने आए घटनाक्रम को राष्ट्रीय गीत के अपमान से जोड़ते हुए कांग्रेस से सार्वजनिक स्पष्टीकरण एवं माफी की मांग की।
वहीं, कांग्रेस की ओर से इस घटनाक्रम की अलग व्याख्या की गई है। कांग्रेस का कहना है कि सोनिया गांधी वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के बैठने की व्यवस्था को लेकर इशारा कर रही थीं।
प्रदर्शन में विधायक दिलीप सिंह परिहार, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा सहित भाजयुमो एवं भाजपा के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।