चित्तौड़गढ़। पुलिस थाना गंगरार ने जमीन विवाद को लेकर वृद्ध पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लट्ठ भी बरामद किए गए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि 11 अगस्त 2026 को प्रार्थी रतनलाल शर्मा निवासी माल का खेड़ा उर्फ रूपपुरा, थाना साडास ने पुलिस थाने में लिखित रिपोर्ट प्रस्तुत की थी। रिपोर्ट में बताया गया कि सुबह करीब 8 बजे रामलाल पिता किशन गुर्जर, शंकरलाल पिता किशन गुर्जर एवं कैलाशचंद्र पिता जोधराज गुर्जर, तीनों निवासी माल का खेड़ा उर्फ रूपपुरा तथा उनके एक अन्य साथी ने उसके 62 वर्षीय भाई रामेश्वरलाल पिता हीरालाल शर्मा पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में रामेश्वरलाल के दोनों पैरों एवं बाएं हाथ में फ्रैक्चर हो गया तथा सिर, छाती और कान के पास भी चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंची सीमा शर्मा के साथ भी आरोपियों द्वारा मारपीट किए जाने की बात रिपोर्ट में कही गई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा एवं पुलिस उप अधीक्षक गंगरार उदय सिंह के निकट पर्यवेक्षण में थानाधिकारी गंगरार तुलसीराम के नेतृत्व में अनुसंधान अधिकारी एएसआई शिवलाल तथा कांस्टेबल रामहंस, श्योपत एवं राजेश की टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्ध स्थानों पर दबिश देकर 14 अगस्त 2026 को रामलाल गुर्जर, शंकरलाल गुर्जर एवं कैलाशचंद्र गुर्जर को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीन दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने जमीन विवाद को लेकर हमला करना स्वीकार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर मारपीट में प्रयुक्त लट्ठ बरामद किए गए हैं। मामले में पुलिस का अग्रिम अनुसंधान जारी है।