चित्तौड़गढ़। गंगरार थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्विफ्ट डिजायर कार से 25 किलो 420 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में दो पुरुष एवं एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर कार एवं मादक पदार्थ जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा के निर्देशन एवं डीएसपी गंगरार उदयसिंह चुण्डावत के सुपरविजन में कार्रवाई की गई।
टोल प्लाजा पर कार रोककर ली तलाशी-
थानाधिकारी गंगरार तुलसीराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 14 अगस्त को जोजरो का खेड़ा टोल प्लाजा पर स्विफ्ट डिजायर कार को रुकवाकर तलाशी ली। कार में रखे दो प्लास्टिक के कट्टों में डोडाचूरा मिला। पहले कट्टे में 15 किलो 220 ग्राम तथा दूसरे में 10 किलो 200 ग्राम, कुल 25 किलो 420 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद किया गया।
पुलिस ने मादक पदार्थ सहित स्विफ्ट डिजायर कार को जब्त कर अनिल पुत्र शमशेर जाट, उम्र 32 वर्ष, निवासी धड़ौली, कालवन, थाना जामनी पिल्लूखेड़ा, जिला जींद (हरियाणा) तथा सुनील पुत्र रोशन जाट, उम्र 24 वर्ष, निवासी धड़ौली, कालवन, थाना जामनी पिल्लूखेड़ा, जिला जींद (हरियाणा) को गिरफ्तार किया। मामले में एक महिला आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। गंगरार थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस टीम-
कार्रवाई में थानाधिकारी तुलसीराम, एएसआई बालमुकुंद, हेड कांस्टेबल देवकिशन, कांस्टेबल दिनेश, चतरदान, रोहिताश्व, देवकिशन, महिला कांस्टेबल सुनीता एवं 112 चालक राजेंद्र कुमार शामिल रहे।