मनासा। वस्त्र एवं रेडीमेड व्यापारी संघ की वार्षिक बैठक एवं नवीन कार्यकारिणी के चुनाव के लिए साधारण सभा का आयोजन भादवा माताजी स्थित श्रद्धा भवन में किया गया। संस्था के संरक्षक एवं निर्वाचन अधिकारी प्रद्युम्न मारू एवं पुष्कर झंवर की देखरेख में चुनाव निर्विरोध संपन्न हुए।
निर्वाचन में प्रद्युम्न मारू, पुष्कर झंवर, शिखरचंद्र जैन एवं विजय पामेचा को संस्था के संरक्षक की जिम्मेदारी दी गई। वहीं पंकज पोरवाल को अध्यक्ष, दिनेश तोषनीवाल को सचिव, प्रहलाद सतोकीया एवं संजय वधवा को उपाध्यक्ष, महेश मुंदड़ा को कोषाध्यक्ष तथा कुलदीप अहीरवार एवं सुरेश राठौर को सहसचिव चुना गया। कार्यकारिणी में 11 सदस्यों को शामिल किया गया।
बैठक के दौरान ऑनलाइन व्यापार सहित वर्तमान समय में व्यापार के सामने आ रही प्रतिस्पर्धात्मक चुनौतियों पर भी सदस्यों ने अपने विचार रखे। व्यापारियों ने बदलते बाजार के अनुरूप संगठन को मजबूत करने और सामूहिक रूप से समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य करने पर चर्चा की।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष महेश मुंदड़ा ने संस्था का वार्षिक लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों का सदस्यों ने स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा संगठन के हित में सक्रियता से कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।