मंदसौर/नीमच। सावन माह के पावन अवसर पर मंदसौर स्थित भगवान पशुपतिनाथ मंदिर से तूफानी डाक कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। कांवड़िए पवित्र जल लेकर नीमच जिले के बरूखेड़ा स्थित प्राचीन शिव मंदिर पहुंचे, जहां भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए। हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से यात्रा मार्ग गूंजता रहा। बरूखेड़ा पहुंचने के बाद बाबा भोलेनाथ का जल चढ़ाकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।
भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु
जलाभिषेक के बाद भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजनों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु देर तक भक्ति में झूमते रहे। कार्यक्रम के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा।
आयोजन के समापन पर महाप्रसादी का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। सावन के इस धार्मिक आयोजन में भक्तों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।