नांगलवाड़ी। नाग पंचमी पर्व के अवसर पर नांगलवाड़ी शिखर धाम स्थित बाबा भीलट देव मंदिर में तीन दिवसीय भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले के दौरान करीब 60 घंटे तक बाबा भीलट देव के पट श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे। आयोजन में 8 से 9 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
मेले को लेकर प्रशासन और मंदिर समिति ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए 1000 से अधिक भीलट देव कार्यकर्ता और करीब 500 पुलिसकर्मी अलग-अलग स्थानों पर तैनात रहेंगे। मेले के दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का भी आयोजन किया जाएगा।
बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार
नाग पंचमी को लेकर बड़ी संख्या में कांवड़िए नांगलवाड़ी पहुंच रहे हैं। रविवार को रिमझिम बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। दिनभर बड़ी संख्या में भक्त बाबा भीलट देव के दर्शन के लिए शिखर धाम पहुंचे।
बारिश के बीच शिखर धाम का मनमोहक दृश्य भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। कई श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर और आसपास के प्राकृतिक नजारों को अपने कैमरों में कैद किया।
इन मार्गों से पहुंच सकेंगे श्रद्धालु
इंदौर-भोपाल की ओर से: खलघाट से नर्मदा नदी पार कर जुलवानिया, गोवाघाटी, ओझर होते हुए नांगलवाड़ी पहुंचा जा सकता है। खंडवा-खरगोन की ओर से: खरगोन, सेगांव, गोलवाड़ी होकर नांगलवाड़ी पहुंच सकते हैं। बड़वानी की ओर से: जुलवानिया, गोवाघाटी और ओझर मार्ग से नांगलवाड़ी पहुंचा जा सकता है। महाराष्ट्र की ओर से: सेंधवा-बालसमंद होते हुए ओझर के रास्ते नांगलवाड़ी पहुंचने की व्यवस्था रहेगी।