नीमच। सावन माह के पावन अवसर पर आज सोमवार, 17 अगस्त 2026 को नीमच के प्रसिद्ध श्री किलेश्वर महादेव की शाही सवारी निकाली जाएगी। युवा समाजसेवी अरुल अरोरा (गंगानगर) एवं मंदिर समिति के तत्वावधान में आयोजित शाही सवारी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। शाही सवारी के दौरान पूरा शहर शिवभक्ति के रंग में रंगा नजर आएगा।
शाम 4 बजे मंदिर से शुरू होगी सवारी-
शाही सवारी का शुभारंभ शाम 4 बजे श्री किलेश्वर महादेव मंदिर परिसर से होगा। दिव्य रथ पर विराजित भगवान किलेश्वर महादेव नगर भ्रमण पर निकलेंगे। सवारी रेलवे स्टेशन एवं मंडी रोड होते हुए ज्ञान मंदिर कॉलेज पहुंचेगी। यहां युवा समाजसेवी अरुल अरोरा द्वारा विद्वान पंडितों के सानिध्य में विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।
इसके बाद शाही सवारी शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आगे बढ़ेगी। सवारी का मार्ग पुस्तक बाजार, नयाबाजार, फव्वारा चौक, टैगोर मार्ग एवं फोर जीरो चौराहा रहेगा। इसके बाद सवारी पुनः श्री किलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां समापन होगा।
जगह-जगह होगा भव्य स्वागत-
शाही सवारी के स्वागत के लिए शहर के विभिन्न मार्गों पर सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों एवं विभिन्न संस्थाओं द्वारा तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालु पुष्पवर्षा एवं पूजा-अर्चना के साथ भगवान किलेश्वर महादेव का स्वागत करेंगे।
17 से अधिक झांकियां रहेंगी आकर्षण-
शाही सवारी में बाबा की बारात सहित 17 से अधिक आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। इनमें मेरठ की केरला झांकी, कलकत्ता की झांकी, राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी, बाहुबली हनुमान, बाहुबली शंकर, नरमुंड की विशेष प्रस्तुति तथा नंदी के साथ अघोरी की झांकी प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
इसके अलावा फोकस बैंड, नासिक के ढोल, झांझ पार्टी एवं गंगा आरती की झांकी भी श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित करेगी। शाही रथ के साथ जनरेटर एवं विशेष फोकस लाइट्स के माध्यम से झांकियों को भव्य रूप दिया जाएगा।
शाही सवारी को लेकर शहरवासियों में विशेष उत्साह है। सोमवार को नीमच की सड़कों पर श्रद्धा और भक्ति का ऐसा नजारा देखने को मिलेगा, जहां ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से पूरा शहर शिवमय नजर आएगा।