मंदसौर। लाडली बहना योजना के अंतर्गत जिन परिवार के पास ट्रैक्टर हैं तथा ट्रैक्टर के रजिस्ट्रेशन में उनका नाम तथा आधार कार्ड के नाम में मामूली अंतर आने की जो स्थिति बन रही हैं तथा उसके कारण से पंजीयन नहीं हो पा रहे हैं। इस मामले का संज्ञान मिलने पर विधायक यशपाल सिंह सिसौदिया द्वारा कलेक्टर दिलीप कुमार यादव से चर्चा की गई। जिसमें यह सुधार किया जा रहा है कि आरटीओ ऑफिस में पृथक से एक काउंटर खोला जाएगा। जिसमें रजिस्ट्रेशन पंजीयन में आधार कार्ड के अनुसार नाम का संशोधन कर दिया जाएगा। विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने बताया कि ग्राम गरोडा के जवाहर लाल पाटीदार तथा ग्राम आक्या उमाहेडा के नंदकिशोर माली ने अवगत कराया कि आधार कार्ड एवं ट्रैक्टर के रजिस्ट्रेशन में नाम में स्पेस के आधार पर लाडली बहना योजना में नाम दर्ज नहीं हो रहे हैं तथा पंजीयन में दिक्कत आ रही है। उन्होंने बताया कि उदाहरण के तौर पर ट्रैक्टर के रजिस्ट्रेशन पंजीयन आरसी में जवाहर लाल पाटीदार नाम है, लेकिन आधार कार्ड में जवाहर और लाल में शब्दों में दूरी है तो वह पंजीयन नहीं हो पा रहा है तथा आधार कार्ड में यदि जवाहर लिखा है और ट्रैक्टर के रजिस्ट्रेशन में पूरा नाम जवाहरलाल पाटीदार लिखा है तो भी वह पंजीयन नहीं हो पा रहा है। कलेक्टर यादव ने इस कठिनाई का हल करते हुए बताया कि आरटीओ कार्यालय मंदसौर में पृथक से एक काउंटर खोला जाएगा जिसमें आधार कार्ड के अनुसार ट्रैक्टर के आरसी रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट में सुधार कर लिया जाएगा।