भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश नायक ने आज राजधानी भोपाल में एक धमाकेदार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य की वर्तमान सरकार पर सियासी हमला बोला। मुकेश नायक ने प्रदेश में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक तबादलों में भ्रष्टाचार, धार्मिक स्थलों के निर्माण में भारी कमीशनखोरी और वेयरहाउसिंग कारपोरेशन में चल रही धांधली को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया और पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की।
सोशल मीडिया की रील से खुला राज
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुकेश नायक ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक रील का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश में तबादलों के ‘रेट कार्ड’ फिक्स हो चुके हैं और ऐसी धांधली पहले कभी नहीं देखी गई। उन्होंने दावा किया कि स्कूल शिक्षा विभाग में ट्रांसफर के लिए ₹3 लाख और आदिम जाति कल्याण विभाग के शिक्षकों से ₹4 लाख रुपये तक की रिश्वत ली गई। शिक्षा विभाग के अलावा स्वास्थ्य, पुलिस, वन और राजस्व विभाग में भी हजारों की संख्या में नियम विरुद्ध ट्रांसफर किए गए हैं।
चमका पटवारियों का वर्चस्व
भोपाल में पटवारियों का वर्चस्व साफ दिखाई दे रहा है। कर्मचारियों को बकायदा संदेश भेजे जा रहे हैं कि ‘यदि ट्रांसफर रुकवाना है या मनचाही जगह जाना है, तो आकर मिलो।’ नायक ने तंज कसते हुए कहा, “यह ऐसी सरकार है जो पैसे भी ले लेती है और काम भी नहीं करती।”
ओरछा और महाकाल लोक में घोटाला
उन्होंने आरोप लगाया कि ओरछा में जो टाइल्स ₹50 की आती है, उसे कागजों में ₹350 का दिखाकर खरीदा गया। उज्जैन के महाकाल लोक समेत प्रदेश में जितने भी ‘धार्मिक लोक’ बने हैं, उनके निर्माण कार्यों में 40 प्रतिशत की खुली कमीशनखोरी की गई है। कांग्रेस नेता ने कहा कि केवल निर्माण ही नहीं, बल्कि मंदिरों में आने वाले दान तक में चोरी की जा रही है। इन सभी घोटालों की अयोध्या राम मंदिर मामले की तर्ज पर उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
वेयरहाउस निरीक्षण को बताया ‘बेहूदा’
वेयरहाउसिंग कारपोरेशन के अध्यक्ष संजय नगाइच द्वारा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के वेयरहाउस के निरीक्षण किए जाने के मामले पर पलटवार करते हुए मुकेश नायक ने इस कार्रवाई को पूरी तरह ‘बेहूदा’ करार दिया। उन्होंने साफ किया कि जीतू पटवारी के नाम पर कोई वेयरहाउस नहीं है, न ही कोई किराया दिया गया है। वहां जबरदस्ती अनाज ठूंसा गया है, जबकि वेयरहाउसिंग बोर्ड अपने कर्मचारियों को तनख्वाह तक नहीं दे पा रहा है।
विपक्ष के साथ भेदभाव
मुकेश नायक ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा, “मध्य प्रदेश के 80% वेयरहाउस भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के हैं, जिनमें न तो कोई सुरक्षा व्यवस्था है और न ही फायर फाइटिंग सिस्टम। बीजेपी नेताओं के गोदामों को वीआईपी ट्रीटमेंट देकर भरा जाता है, जबकि मेरा खुद का गोदाम पिछले 25 साल से सिर्फ इसलिए खाली पड़ा है क्योंकि मैं कांग्रेस का नेता हूं।”