निम्बाहेड़ा। मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ द्वारा संचालित निशुल्क आवासीय वेद विद्यालय में 24 जून को नवप्रवेशी बटुकों का वैदिक परंपरा अनुसार उपनयन संस्कार समारोह आयोजित किया जाएगा।
वेदपीठ प्रशासन के अनुसार विश्वविद्यालय परिसर स्थित विशाल एवं भव्य यज्ञशाला में आयोजित इस समारोह में 54 नवप्रवेशी बटुकों का यज्ञोपवीत (उपनयन) संस्कार वेदपीठ के आचार्यों एवं वरिष्ठ बटुकों के वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य संपन्न होगा।
समारोह में बटुकों के अभिभावक, परिजन, वेदपीठ के न्यासी, पदाधिकारी एवं कल्याण भक्तों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। वैदिक परंपराओं एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार आयोजित होने वाला यह संस्कार बटुकों के जीवन में आध्यात्मिक एवं शैक्षणिक यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव माना जाता है।
वेदपीठ परिवार द्वारा समारोह की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।