तराना। नगर के प्रसिद्ध द्वारकाधीश मंदिर में सोमवार को शिखर ध्वज, कलश एवं भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ विशाल कलश यात्रा के साथ हुआ। ष्मालवा की द्वारकाष् के नाम से प्रसिद्ध तराना नगर में निकली इस भव्य यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर आस्था और श्रद्धा का अद्भुत परिचय दिया।
सुबह 8 बजे नयापुरा स्थित देवनारायण मंदिर से प्रारंभ हुई कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई तेजाजी चौक स्थित द्वारकाधीश मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन, जयकारों और धार्मिक गीतों के साथ पूरे नगर को भक्तिमय माहौल में रंगते हुए आगे बढ़े।
छह दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 22 जून से 27 जून तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों, पूजन और भक्ति कार्यक्रमों के साथ आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के अंतिम दिन 27 जून को पूज्य श्री नागर जी के विशेष प्रवचन, शिखर ध्वज एवं कलश स्थापना तथा भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन होगा।
महोत्सव में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। पूरे नगर में धार्मिक उत्साह और भक्ति का वातावरण बना हुआ है।