सरवानिया महाराज। क्षेत्र में एक घायल नंदी को गो रक्षकों द्वारा रेस्क्यू कर उपचार दिलाए जाने का मामला सामने आया है। नंदी के एक सींग के टूट जाने से गंभीर घाव हो गया था, जिससे लगातार खून बह रहा था और वह असहनीय पीड़ा से कराह रहा था।
जानकारी के अनुसार, संभवतः आपसी संघर्ष के दौरान नंदी का सींग टूट गया, जिसके बाद वह घायल अवस्था में गांव में भटक रहा था। स्थिति गंभीर होने पर स्थानीय गो रक्षा दल के सदस्यों की नजर उस पर पड़ी और उन्होंने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर नंदी को सुरक्षित पकड़ा।
इसके बाद पशु चिकित्सक की सलाह से घायल नंदी का उपचार किया गया। टूटे हुए सींग के कारण बने घाव को साफ कर एंटीसेप्टिक दवाओं का प्रयोग किया गया तथा ड्रेसिंग कर पट्टी बांधी गई, जिससे खून बहना रोका जा सका।
गो रक्षकों ने बताया कि वे सूचना मिलते ही बिना देर किए मौके पर पहुंचते हैं और घायल पशुओं के उपचार में जुट जाते हैं। इस घटना के बाद भी क्षेत्र में गो वंश की सुरक्षा और सेवा के लिए उनकी टीम लगातार सक्रिय है।
स्थानीय गो रक्षा दल ने आमजन से भी अपील की है कि घायल पशुओं की सूचना तुरंत दें और सेवा कार्य में सहयोग करें, ताकि ऐसे बेजुबान जानवरों की जान बचाई जा सके।