शहडोल। जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने कोयला तस्करी और अवैध भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 1000 टन कोयला जप्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम टिहकी में संचालित एक कोल यार्ड पर पुलिस ने दबिश दी। मौके पर फील्ड में भारी मात्रा में कोयला पाया गया, जिसके संबंध में संचालकों से वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन कोई भी वैध कागजात उपलब्ध नहीं कराए जा सके।
दस्तावेज न मिलने पर ब्यौहारी थाना प्रभारी ज्याउल हक के नेतृत्व में पुलिस ने पूरे कोयला भंडार को जप्त कर लिया। पुलिस की यह कार्रवाई कोयले के अवैध भंडारण और संभावित अवैध कारोबार पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इतना बड़ा कोयला स्टॉक कहां से लाया गया था और इसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था।