प्रतापगढ़। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को आयकर विभाग, प्रतापगढ़ में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नियमित योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर आयकर अधिकारी ओ.पी. बुनकर तथा जिला टैक्स बार सचिव अनिल करणपुरिया सहित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। प्रतिभागियों ने योग को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए इसके नियमित अभ्यास पर बल दिया।
आयकर अधिकारी ओ.पी. बुनकर ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है और मानसिक तनाव से मुक्ति मिलती है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से प्रतिदिन योग करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
जिला टैक्स बार सचिव अनिल करणपुरिया ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की संपूर्ण पद्धति है। वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग का महत्व और अधिक बढ़ गया है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री के “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” संदेश को आत्मसात करते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन नियमित योगाभ्यास एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने की प्रतिबद्धता के साथ हुआ।
इस अवसर पर आयकर विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।