खनियांधाना। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के खनियांधाना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम खजरा में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक शादी समारोह में शामिल होने आए शिवपुरी के युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पिछोर एसडीओपी प्रशांत शर्मा खनियांधाना थाना प्रभारी और फोरेंसिक टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची है ताकि घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सुशील उपाध्याय उर्फ सिंपल उपाध्याय निवासी शिवपुरी के रूप में हुई है, जो शिवपुरी में एक होटल/ढाबे पर काम करता था। सुशील अपने ही एक साथी कर्मचारी के साथ उसके किसी रिश्तेदार के यहाँ आदिवासी परिवार में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने ग्राम खजरा आया था। बताया जा रहा है कि शादी के दौरान चल रही शराब पार्टी में किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो इतना बढ़ा कि आरोपियों ने सुशील उपाध्याय के सिर पर भारी पत्थर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिससे शादी वाले घर सहित पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मामले की पुष्टि करते हुए मौके पर मौजूद एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा ने बताया कि ग्राम खजरा में शिवपुरी निवासी सुशील उपाध्याय की कुछ लोगों ने सिर पर पत्थर पटककर हत्या कर दी है पुलिस और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स मौके पर मौजूद हैं और कार्रवाई जारी है इस मामले में पुलिस ने दो संदिग्धों (संदेहियों) को राउंडअप (हिरासत में) किया है जिनसे गहन पूछताछ जारी है। पुलिस ने शव को पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हिरासत में लिए गए संदेहियों से पूछताछ के आधार पर मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्या के असल कारणों का खुलासा कर दिया जाएगा।