नीमच। प्रदेश के कई जिलों में मानसून की झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मालवा के नीमच व मंदसौर जिले में भी गुरूवार को दो सप्ताह की लंबी खेंच के बाद बारिश हुई। बारिश के अभाव में खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है। नीमच जिले में चालू वर्षा काल में अब तक महज 21 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। जबकि गत वर्ष इस अवधि तक 42 इंच से अधिक वर्षा हो चुकी थी।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि प्रदेश में अभी दो मानसून सिस्टम एक्टिव हैं। अगले 24 घंटे में कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। 10 से 12 सितंबर के आसपास बंगाल की खाड़ी से एक और सिस्टम एक्टिव होगा। इससे पूरे प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। प्रदेश में 18 से 20 सितंबर तक बारिश की एक्टिविटी रहेगी। आज इंदौर, भोपाल, जबलपुर सहित कई शहरों में सुबह से ही बारिश का दौर जारी है।
आगामी 24 घंटे में इन जिलों में होगी झमाझम-
मौसम विभाग ने प्रदेश में आगामी 24 घंटे में विदिशा, रायसेन, सीहोर, खंडवा, झाबुआ, धार, इंदौर, देवास, दतिया, भिंड, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है। वहीं खरगोन, बड़वानी और अलीराजपुर जिले में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जबकि मालवा के रतलाम, मंदसौर व नीमच में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।