बड़वानी। बड़वानी जिले की चारों विधानसभाओं में मतदान केन्द्रों पर मतदान करने के लिए वृद्धजनों का भी उत्साह देखने को मिला। कोई सहारे से चलकर, तो कोई व्हीलचेयर के सहारे, तो कोई अपने परिजनों के साथ मतदान केन्द्रों तक मतदान करने पहुंचा।
इस दौरान वृद्धजनों ने युवा पीढ़ी को यह संदेश भी दिया कि ‘‘सारे काम छोड़ दो सबसे पहले वोट दो‘‘ जिससे कि लोकतंत्र की सार्थकता सिद्ध हो सके। सुपड़ीलाल धनगर के लाठी के सहारे चलकर किया मतदान अंजड़ नगर निवासी 95 वर्षीय श्री सुपड़ीलाल धनगर ने लाठी के सहारे चलकर मतदान केन्द्र पर पहुंचे एवं अपने मताधिकार का उपयोग किया। इस दौरान उन्होने बताया कि अभी वे स्वयं मतदान करने आये है, घर जाकर बेटे-बहू को भी भेजेंगे मतदान करने। 90 वर्षीय बीना बाई ने पोते के साथ पहुंचकर किया मतदान 90 वर्षीय वृद्धजन श्रीमती बीना बाई वर्मा भी अपने पोते के नितेश वर्मा के साथ मतदान केन्द्र पर मतदान करने पहुंची। इस दौरान उनके पोते ने बताया कि उनकी दादी चलने-फिरने में असक्षम है, परन्तु जब मतदान की बात आई तो उन्होने सहज ही कहा कि ‘‘मैं भी मतदान करने जाउंगी‘‘। इस दौरान उन्होने कहा कि हम सभी युवाओं को दादी से प्रेरणा लेना चाहिए और अनिवार्य रूप से अपने मताधिकार का उपयोग करना चाहिए। वृद्ध दम्पत्ति ने भी किया साथ में जाकर मतदान विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र पानसेमल के ग्राम राखी बुजुर्ग निवासी 80 वर्ष से अधिक उम्र के दम्पति सुरेश रसूल व विमला बाई ने भी साथ में जाकर अपने मताधिकार का उपयोग कर सभी को यह संदेश दिया कि जब वृद्धजन मतदान कर सकते है, तो सभी लोग मतदान कर सकते है अतः मतदान अवश्य करे।