मंदसौर। शहर की प्रभा विहार कॉलोनी में 27 जून की रात हुए चाकूबाजी एवं मारपीट के मामले में बुधवार को सर्व समाज एवं माली समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के नाम ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र भास्कर को सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि 27 जून की रात करीब 10.30 बजे प्रभा विहार कॉलोनी में पड़ोसी जाबिर उर्फ जाबिर बादर, जिशान बादर एवं रेहाना उर्फ रानू बादर ने कथित रूप से मनोज प्रजापत, उनके पिता सत्यनारायण प्रजापत तथा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जानलेवा हमला किया। हमले में मनोज प्रजापत के सीने में चाकू लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके पिता के सिर पर पत्थर से हमला किया गया। दोनों का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया।
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान परिवार की महिलाओं, जिनमें एक गर्भवती महिला भी शामिल थी, के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। प्रतिनिधियों का कहना है कि गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज होने के बावजूद आरोपी अब तक गिरफ्त से बाहर हैं, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।
ज्ञापन में आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ, आवश्यक धाराएं जोड़ने, आपराधिक रिकॉर्ड की जांच, अवैध गतिविधियों की पड़ताल, पीड़ित परिवार एवं गवाहों को सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा प्रभा विहार कॉलोनी में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की गई।
नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र भास्कर ने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।