दतिया। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य एवं वरिष्ठ नेता दामोदर सिंह यादव ने अपने निवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा पर गंभीर राजनीतिक आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की जबलपुर खंडपीठ में उनके खिलाफ एक जनहित याचिका (पीआईएल) दाखिल कराई गई है, जिसका उद्देश्य उनकी राजनीतिक और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाना तथा उन्हें सार्वजनिक रूप से बोलने के अधिकार से वंचित करना है। दामोदर सिंह यादव ने आरोप लगाया कि दतिया में संभावित उपचुनाव को लेकर उन्हें मिल रहे जनसमर्थन से भाजपा और डॉ. नरोत्तम मिश्रा भयभीत हैं। इसी कारण उनके खिलाफ यह कानूनी कार्रवाई कराई गई है। उन्होंने कहा कि वे लगातार जनसंपर्क और चरणबद्ध यात्राओं के माध्यम से लोगों के बीच पहुंच रहे हैं, जिससे उन्हें व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि संबंधित याचिका में उन्हें प्रतिवादी क्रमांक-7 के रूप में शामिल करने का आवेदन किया गया है। याचिका में उन पर राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के विरुद्ध गतिविधियों तथा समाज में जातीय वैमनस्य फैलाने जैसे आरोप लगाए गए हैं। याचिकाकर्ता ने राज्य सरकार से उनके विरुद्ध उचित कार्रवाई करने के निर्देश देने की मांग भी की है तथा एक पेनड्राइव न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए जाने का उल्लेख किया गया है।
दामोदर सिंह यादव ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है। मामले में 25 जून को सुनवाई हो चुकी है और न्यायालय ने अपना निर्णय सुरक्षित रख लिया है। उन्होंने कहा कि सत्य सामने आएगा और उन्हें न्याय अवश्य मिलेगा।