गरोठ/शामगढ़। उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह ने बुधवार को शामगढ़ स्थित शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों से संवाद कर उपचार, दवा उपलब्धता और अस्पताल की सुविधाओं की जानकारी ली।
संभागायुक्त ने ओपीडी एवं वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों से इलाज की गुणवत्ता के संबंध में चर्चा की। इसके बाद दवा स्टोर का निरीक्षण करते हुए दवाओं के स्टॉक रजिस्टर की जांच की तथा एक्सपायरी दवाओं का उपयोग नहीं होने देने के निर्देश दिए।
उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी का अवलोकन कर सभी को समय पर उपस्थित रहने और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की हिदायत दी।
निरीक्षण के दौरान जननी सुरक्षा वार्ड का भी अवलोकन किया गया। संभागायुक्त ने गर्भवती महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए बेहतर चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त आशीष सिंह ने बीएमओ एवं अस्पताल प्रबंधन से कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के लिए हैं, इसलिए प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलना सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान एसडीएम शामगढ़, तहसीलदार, बीएमओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।