देवास। कृषि उपज मंडी में दिवाली की छुट्टी के बाद शनिवार को मुहूर्त के सौदे हुए। जिसमें पीला सोना, सोयाबीन 6101.25 रुपए क्विंटल बिका।
दरअसल, मुहूर्त सौदे के पहले कृषि उपज मंडी के व्यापारियों द्वारा मंडी प्रांगण में मां अन्नपूर्णा की पूजा अर्चना करके ढोल-ढमाकों के साथ आतिशबाजी की। उसके बाद व्यापारी सोयाबीन की बैलगाड़ी के पास पहुंचे और फिर किसान नारायण सिंह निवासी खजुरिया जागीर की उपज की बोली प्रारंभ की गई और सर्वाधिक बोली लगाकर रोशन ट्रेडर्स द्वारा खरीदी गई।
इस दौरान व्यापारियों द्वारा किसान को पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया। किसान अपनी बैलगाड़ी में करीब 8 क्विंटल उपज लेकर मंडी में दशहरे के दिन से पहुंच गया था। मुहूर्त सौदे में किसानों को प्रतिदिन की तुलना में अपनी उपज का अधिक दाम मिला। मंडी व्यापारी अर्पित अग्रवाल ने बताया कि प्रतिवर्ष दीपावली की छुट्टी के बाद मंडी में मुहूर्त के सौदे होते हैं। जिसमें किसानों की उपज आम दिनों की तुलना में अधिक दामों में व्यापारियों द्वारा खरीदी जाती है।