नीमच। महावीर इंटरनेशनल के स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत 1 से 14 जुलाई तक देशभर में सेवा कार्यों का आयोजन किया जा रहा है। पखवाड़े के प्रथम दिवस पर संस्था के 115 केंद्रों पर एक साथ ‘खुशियों का बाजार’ अभियान चलाया गया। इसका उद्देश्य घरों में अनुपयोगी लेकिन उपयोगी वस्तुओं को जरूरतमंद परिवारों तक सम्मानपूर्वक पहुंचाकर सेवा, संवेदना एवं पुनः उपयोग की भावना को बढ़ावा देना है।
इसी क्रम में महावीर इंटरनेशनल प्रियदर्शिनी, नीमच द्वारा भागेश्वर मंदिर के समीप झुग्गी-झोपड़ी बस्ती में ‘खुशियों का बाजार’ लगाया गया। यहां जरूरतमंद महिलाओं, पुरुषों, बच्चों एवं युवाओं को लगभग 200 वस्त्र व्यवस्थित रूप से वितरित किए गए। वस्त्र प्राप्त कर लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
कार्यक्रम में डिप्टी डायरेक्टर वूमन्स इंपावरमेंट आशा साभर, महावीर इंटरनेशनल प्रियदर्शिनी की अध्यक्ष रजिया अहमद, पूर्व गवर्निंग काउंसिल सदस्य मनोहरलाल बंब, के.के. जैन, महावीर प्रवाह के सह-संपादक, महावीर इंटरनेशनल केंद्र अध्यक्ष प्रदीप धाकड़, सचिव जितेंद्र सकलेचा, कोषाध्यक्ष पाल मारू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में संस्था ने वस्त्र दान कर इस सेवा अभियान में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं का आभार व्यक्त किया।