इंदौर। हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के 22 नवंबर को होने वाले वार्षिक चुनाव के लिए प्रत्याशियों का प्रचार जोर पर है। 19 नवंबर मतदान से पहले का अंतिम रविवार होने से प्रत्याशी प्रचार में जुटे रहे। ज्यादातर प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ सदस्यों के घर और कार्यालय पहुंचकर व्यक्तिगत मुलाकात कर रहे हैं। वे अपने समर्थन में मतदान की गुहार लगाते हुए हाई कोर्ट बार एसोसिएशन की व्यवस्थाओं को और बेहतर करने का आश्वासन भी दे रहे हैं।
इंटरनेट मीडिया पर जोर
हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव प्रचार परंपरागत तरीके जैसे पंपलेट्स, पोस्टर, बैनर इत्यादि से दूर हैं। इस चुनाव में सिर्फ दो ही तरीकों से प्रचार होता है। पहला तो व्यक्तिगत संपर्क और दूसरा इंटरनेट मीडिया। रविवार का उपयोग प्रत्याशी व्यक्तिगत संपर्क के लिए कर रहे हैं तो उनके समर्थक इंटरनेट मीडिया पर जमकर प्रचार में जुटे हुए हैं।