मंदसौर। आमजन को आधार संबंधी सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध कराने के लिए डाक विभाग 4 जुलाई 2026 को विशेष आधार सेवा अभियान आयोजित करेगा। डाक अधीक्षक ने बताया कि अभियान के तहत नया आधार पंजीयन, आधार में नाम, पता व अन्य सुधार, बायोमेट्रिक अपडेट तथा मोबाइल नंबर एवं ई-मेल लिंकिंग जैसी सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
अभियान के लिए 2 एवं 3 जुलाई को टोकन वितरित किए जाएंगे, जबकि 4 जुलाई को सभी आधार सेवा केंद्र सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित रहेंगे।
डाक विभाग नीमच-मंदसौर के अधीक्षक अजित सिंह डामोर ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निकटतम डाकघर स्थित आधार केंद्र पर पहुंचकर इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं। यह अभियान मंदसौर के मुख्य डाकघर, सिटी डाकघर, सुवासरा, भानपुरा, गरोठ, शामगढ़, दलौदा, नाहरगढ़, सीतामऊ, बूढ़ा, मल्हारगढ़, पिपलिया सहित नीमच के प्रधान डाकघर, बघाना, जावद, मनासा, रामपुरा और अन्य डाकघरों में संचालित किया जाएगा।