रतलाम। बढ़ते साइबर अपराधों पर रोक लगाने और लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रतलाम पुलिस ने सेफ क्लिक अभियान-2 की शुरुआत की है। अभियान के तहत आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड और साइबर अपराध के नए तरीकों से सतर्क रहने का संदेश दिया जा रहा है।
नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराज सिंह चौहान ने कहा कि डिजिटल दौर में एक छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी आर्थिक क्षति का कारण बन सकती है। उन्होंने लोगों से किसी भी अनजान कॉल, मैसेज या ई-मेल पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता जांचने की अपील की।
पुलिस ने नागरिकों को मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम या कार्ड संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने और केवल सुरक्षित व विश्वसनीय वाई-फाई नेटवर्क का उपयोग करने की सलाह दी है। साथ ही ऑनलाइन गेम, निवेश, लॉटरी और नौकरी के नाम पर होने वाली साइबर ठगी से भी सतर्क रहने को कहा गया है।
अभियान के तहत पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाए तो वह बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराए। समय पर शिकायत करने से ठगी गई राशि को रोकने या वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
रतलाम पुलिस ने नागरिकों से साइबर सुरक्षा नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक कर डिजिटल सुरक्षा अभियान में सहभागी बनने की अपील की है।