शाजापुर। मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की शाजापुर जिला इकाई का जिला सम्मेलन मंगलवार को कालापीपल स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित हुआ। सम्मेलन में पत्रकारों के अधिकार, पत्रकार सुरक्षा कानून, संगठन की मजबूती और पत्रकार भवन निर्माण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शलभ भदौरिया उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में महेंद्र सिंह सोलंकी, घनश्याम चंद्रवंशी, महामंडलेश्वर महंत कल्याणदास महाराज सहित कई जनप्रतिनिधि और संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अभिषेक सक्सेना ने की।
सम्मेलन में प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया ने पत्रकार सुरक्षा कानून को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रदेश में जल्द यह कानून लागू होना चाहिए। उन्होंने निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता पर बल देते हुए पत्रकारों से एकजुट रहने का आह्वान किया।
इस दौरान वरिष्ठ पत्रकारों का शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। वहीं कालापीपल ब्लॉक इकाई की ओर से पत्रकार भवन निर्माण के लिए मांग पत्र सौंपा गया।
मांग पत्र पर सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने पत्रकारों को बड़ी सौगात देते हुए पत्रकार भवन निर्माण के लिए 5 लाख रुपये, परिसर में पौधारोपण के लिए 1 लाख रुपये और पुस्तकालय के लिए 1 लाख रुपये, कुल 7 लाख रुपये देने की घोषणा की। विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने भी आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद पत्रकार भवन निर्माण में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में ष्एक पेड़ मां के नामष् और ष्हरा-भरा कालापीपलष् अभियान के तहत पत्रकारों को पौधों का वितरण भी किया गया। सम्मेलन में जिलेभर की विभिन्न ब्लॉक इकाइयों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।