रामपुरा। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत 30 जून को ग्राम खेतपाल्या में बावड़ी उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में ग्राम की प्राचीन बावड़ी पर पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन कर जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में नवांकुर संस्था देवश्री जन सेवा फाउंडेशन के प्रतिनिधि अंकित धनगर, परामर्शदाता डॉ. अर्जुन धनगर, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष-सचिव करण कुशवाह, बीएसडब्ल्यू विद्यार्थी लखन कुशवाह एवं हरीश धनगर, सहित ग्राम के वरिष्ठजन और युवाओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बावड़ियां हमारी सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर हैं, जिनका संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के लिए अत्यंत आवश्यक है। सभी उपस्थितजनों ने जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने, वर्षा जल संरक्षण को बढ़ावा देने तथा पारंपरिक जल संरचनाओं के संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य जल संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना और ग्रामीण समाज को जल स्रोतों के संरक्षण के लिए प्रेरित करना रहा।