रतलाम। साइबर अपराधों के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए रतलाम पुलिस ने आम नागरिकों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रखने के उद्देश्य से "सेफ क्लिक अभियान-2" की शुरुआत की है। अभियान का उद्देश्य लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड और साइबर अपराध के नए तरीकों से जागरूक करना है, ताकि वे सतर्क रहकर स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षित रख सकें।
नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराज सिंह चौहान ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि आज के डिजिटल दौर में छोटी-सी असावधानी भी बड़ी आर्थिक हानि का कारण बन सकती है। इसलिए किसी भी अनजान व्यक्ति के फोन, मैसेज या ई-मेल पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांचें।
पुलिस द्वारा जारी साइबर सुरक्षा संदेश में लोगों को मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, अपना OTP, बैंक खाता, एटीएम या कार्ड संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा केवल सुरक्षित व विश्वसनीय वाई-फाई नेटवर्क का उपयोग करने की सलाह दी गई है। साथ ही ऑनलाइन गेम, निवेश, लॉटरी और नौकरी के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से भी सावधान रहने को कहा गया है।
अभियान के तहत यह भी बताया गया है कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो वह बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराए। त्वरित शिकायत से ठगी गई राशि को रोकने या वापस प्राप्त करने की संभावना अधिक रहती है।
रतलाम पुलिस ने सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करें, दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें और डिजिटल भारत को सुरक्षित बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।