मंदसौर। महिला एवं बाल विकास विभाग ने जिले की नौ बाल विकास परियोजनाओं में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 9 तथा आंगनवाड़ी सहायिका के 25 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक महिला अभ्यर्थी 13 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकती हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया एमपी ऑनलाइन के चयन पोर्टल के माध्यम से पूरी तरह ऑनलाइन होगी। सभी पद अस्थायी एवं मानदेय आधारित हैं। आवेदन में संशोधन की सुविधा 15 जुलाई 2026 तक उपलब्ध रहेगी।
भर्ती के लिए अभ्यर्थी का संबंधित राजस्व ग्राम या शहरी क्षेत्र के उसी वार्ड का निवासी होना अनिवार्य है, जहां पद रिक्त है। अन्य ग्राम या वार्ड की महिला अभ्यर्थी पात्र नहीं होंगी। आवेदिका की शैक्षणिक योग्यता हायर सेकेंडरी (12वीं उत्तीर्ण) तथा 1 जनवरी 2026 की स्थिति में आयु 18 से 35 वर्ष होना आवश्यक है।
आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। ऑफलाइन आवेदन मान्य नहीं होंगे। आवेदन के साथ सभी आवश्यक दस्तावेज पीडीएफ प्रारूप में अपलोड करना अनिवार्य होगा। आवेदन का प्रिंटआउट अभ्यर्थी स्वयं सुरक्षित रखें।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि संचालनालय, संभागीय संयुक्त कार्यालय, जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय अथवा बाल विकास परियोजना कार्यालय में भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। आवेदन एमपी ऑनलाइन कियोस्क अथवा चयन पोर्टल के माध्यम से भरे जा सकते हैं। आवेदन शुल्क 100 रुपये तथा 18 प्रतिशत जीएसटी निर्धारित किया गया है।
विभाग ने यह भी बताया कि जिन केंद्रों के रिक्त पदों से संबंधित कोई मामला न्यायालय में लंबित है अथवा भर्ती प्रक्रिया के दौरान न्यायिक विवाद उत्पन्न होता है, वहां चयन एवं नियुक्ति न्यायालय के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी। साथ ही विभाग ने आवश्यकता अनुसार रिक्त पदों की संख्या अथवा विज्ञप्ति में संशोधन का अधिकार सुरक्षित रखा है।