नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 29 जून के ऐतिहासिक नीमच दौरे के बाद जिले में विकास की नई संभावनाओं को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। लगभग 3,949 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने के बाद इन घोषणाओं के धरातल पर उतरने और जिले के भविष्य को लेकर वरिष्ठ विधायक दिलीप सिंह परिहार ने विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि नीमच को औद्योगिक, धार्मिक, शैक्षणिक, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने वाला साबित होगा।
अंतिम छोर पर बसे नीमच जिले के विकास को सर्वाेच्च प्राथमिकता-
वॉईस ऑफ एमपी से एक विशेष बातचीत में विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंतिम छोर पर बसे नीमच जिले के विकास को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया कि इस दौरे में मां भादवा माता में 20 बिस्तरों वाले अस्पताल का भूमि पूजन, भादवा माता से आंतरी माता तक सड़क निर्माण, बीजभुजा माता क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार तथा जिले की विभिन्न सड़क परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया।
नई कनेक्टिविटी से सुगम होगा आवागमन-
विधायक परिहार ने कहा कि मल्हारगढ़ से कुचड़ोद, जीरन, चीताखेड़ा होते हुए हवाई पट्टी तक लगभग 37 किलोमीटर लंबी सड़क क्षेत्र के विकास की रीढ़ साबित होगी। इसके अलावा शहर की प्रमुख सड़कों के उन्नयन, फोरलेन परियोजनाओं और नई कनेक्टिविटी से आवागमन सुगम होगा।
जिले की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देंगी औद्योगिक परियोजनाएं-
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा वर्ष 2025 को औद्योगिक वर्ष घोषित किए जाने का लाभ नीमच को सबसे अधिक मिलेगा। झांझरवाड़ा सहित विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं, जिनसे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। गोल्ड क्रेस्ट सीमेंट, इथेनॉल प्लांट, फर्नीचर क्लस्टर, सोलर ग्लास उद्योग सहित कई औद्योगिक परियोजनाएं जिले की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देंगी।
13 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक खेल स्टेडियम-
शिक्षा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए विधायक ने बताया कि सीताराम जाजू कॉलेज में लगभग 13 करोड़ की लागत से आधुनिक खेल स्टेडियम बनाया जाएगा। वहीं सीएम राइज स्कूल का निर्माण भी शीघ्र प्रारंभ होगा, जिसमें विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण सुविधाएं, खेल परिसर, प्रयोगशालाएं और पुस्तकालय उपलब्ध होंगे।
नए अस्पताल भवन के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा-
स्वास्थ्य क्षेत्र में उन्होंने मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, जिला अस्पताल के विस्तार, ट्रॉमा सेंटर, आईसीयू, ब्लड सेपरेशन यूनिट तथा आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं को भाजपा सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि भविष्य में मेडिकल कॉलेज के सामने नए अस्पताल भवन के निर्माण का भी प्रस्ताव रखा गया है।
धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा मां भादवा का दरबार-
विधायक परिहार ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मां भादवा माता लोक के मास्टर प्लान के लिए ₹17 करोड़ की स्वीकृति भी प्रदान की है। इससे मंदिर परिसर का व्यापक विकास होगा और यह धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा।
प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक, शैक्षणिक और धार्मिक केंद्रों में शामिल होगा नीमच-
उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री की घोषणाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि सभी विकास कार्य शीघ्र धरातल पर दिखाई देंगे। उनका कहना था कि आने वाले वर्षों में नीमच प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक, शैक्षणिक और धार्मिक केंद्रों में शामिल होगा तथा जिले के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।