मंदसौर। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत प्रदेश में अब तक 1 लाख 43 हजार 150 उपभोक्ता लाभान्वित हो चुके हैं। लाभार्थियों के बैंक खातों में 1010 करोड़ 25 लाख रुपये से अधिक की सब्सिडी सीधे हस्तांतरित की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत 1 किलोवॉट सौर संयंत्र पर 30 हजार रुपये, 2 किलोवॉट पर 60 हजार रुपये तथा 3 किलोवॉट या उससे अधिक क्षमता के सौर संयंत्र पर 78 हजार रुपये की सब्सिडी केंद्र सरकार द्वारा दी जा रही है।
योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ता पीएम सूर्य घर योजना पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही संबंधित विद्युत वितरण कंपनी की वेबसाइट, श्उपायश् एप, व्हाट्सएप चौटबॉट अथवा टोल फ्री नंबर 1912 से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सब्सिडी समय पर प्राप्त करने के लिए बैंक खाते, आधार कार्ड और बिजली बिल में उपभोक्ता का नाम एक समान होना आवश्यक है तथा सौर संयंत्र केवल अधिकृत वेंडर से ही स्थापित कराना चाहिए।
प्रदेश में मध्य क्षेत्र में 51,343, पश्चिम क्षेत्र में 58,715 तथा पूर्व क्षेत्र में 33,092 सौर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। योजना के अंतर्गत सभी सौर संयंत्रों पर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं।