खरगोन। जिले के भगवानपुरा क्षेत्र में मानसून की शुरुआत के साथ ही भयावह तस्वीरें सामने आने लगी हैं। उफनती कुंदा नदी और नालों के बावजूद स्कूली बच्चे और ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर पुल और पुलिया पार करने को मजबूर हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो प्रशासन के सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल रहे हैं।
पीपलझोपा के राजमोहली गांव में परिजन छोटे-छोटे बच्चों का हाथ पकड़कर तेज बहाव के बीच नदी पार कराते दिखाई दे रहे हैं। वहीं काबरी-सागमली मार्ग पर बैलगाड़ी से सफर कर रहे ग्रामीण और बच्चों को पीठ पर बैठाकर पुलिया पार कराने का वीडियो भी सामने आया है।
गौरतलब है कि प्रशासन लगातार पुल-पुलिया पर पानी होने की स्थिति में आवागमन नहीं करने की अपील करता रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल, रोजमर्रा के काम और जरूरी आवागमन के लिए उन्हें हर दिन उफनते नदी-नालों को पार करना पड़ रहा है। बारिश के शुरुआती दौर में ही सामने आई ये तस्वीरें किसी बड़े हादसे की आशंका को बढ़ा रही हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद अब लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं और पुल-पुलिया पर पानी होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।