मंदसौर। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित ई-प्रवेश पोर्टल पर शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया ने नया रिकॉर्ड बनाया है। 30 जून 2026 तक प्रदेशभर में 5 लाख 48 हजार 778 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया, जिनमें से 4 लाख 68 हजार 539 विद्यार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन पूर्ण हो चुका है। वहीं 2 लाख 93 हजार 257 विद्यार्थियों ने विभिन्न स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्राप्त कर लिया है।
पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया में 42.03 प्रतिशत की रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2025 में 30 जून तक 2 लाख 6 हजार 482 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया था, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 2 लाख 93 हजार 257 हो गई है। यानी एक वर्ष में 86 हजार 775 अधिक विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा संस्थानों में प्रवेश लेकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार, पारदर्शी एवं ऑनलाइन प्रवेश प्रणाली, समयबद्ध दस्तावेज सत्यापन तथा प्रभावी काउंसलिंग व्यवस्था के कारण विद्यार्थियों का रुझान बढ़ा है। विभाग ने प्रवेश प्रक्रिया को और अधिक सरल बनाते हुए रिक्त सीटों पर स्पॉट एडमिशन की सुविधा भी शुरू की है।
अब जिन शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में सीटें रिक्त हैं, वहां विद्यार्थी सीधे संबंधित महाविद्यालय पहुंचकर उसी दिन पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन, सीट आवंटन एवं शुल्क जमा कर प्रवेश प्राप्त कर सकेंगे। इससे विद्यार्थियों को अतिरिक्त प्रक्रिया या प्रतीक्षा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
उच्च शिक्षा विभाग ने सभी पात्र विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अपने निकटतम शासकीय अथवा अशासकीय महाविद्यालय में उपलब्ध रिक्त सीटों की जानकारी लेकर निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रवेश सुनिश्चित करें।