खरगोन। जिले की ग्राम पंचायत सुरपाला के ग्रामीणों ने पोस्ट ऑफिस से मुख्य सड़क तक करीब 1000 फीट लंबे जर्जर कच्चे मार्ग को पक्का बनाने की मांग को लेकर जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग गांव के आवागमन का प्रमुख रास्ता है, लेकिन लंबे समय से कच्चा और बदहाल होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में सड़क पर कीचड़ और पानी भर जाने से स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है।
ग्रामीणों के अनुसार खराब सड़क के कारण किसानों, विद्यार्थियों, महिलाओं और बुजुर्गों को रोजाना आवागमन में कठिनाई होती है। साथ ही दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। उन्होंने बताया कि कई बार हादसे भी हो चुके हैं और खराब मार्ग के कारण एम्बुलेंस, स्कूल वाहन तथा अन्य आवश्यक सेवाओं के संचालन में भी बाधा आती है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि संबंधित मार्ग का जल्द निरीक्षण कराकर आवश्यक प्रशासनिक स्वीकृति दी जाए और लगभग 1000 फीट लंबी सीसी (पक्की) सड़क का निर्माण शीघ्र शुरू कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
जनसुनवाई में दिए गए आवेदन पर ग्राम पंचायत सुरपाला के अनेक ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।