खरगोन। नगर के जनपद शिक्षा केंद्र में नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत फरवरी 2024 में आयोजित होने वाली परीक्षा से संबंधित प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी ने विकास खंड के अधिकारी, कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया।
इस दौरान जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी बी रायक ने कार्य योजना निर्माण, असाक्षर का सर्वे कार्य और सभी सामाजिक चेतना केंद्रों में कक्षा संचालन से संबंधित होने वाली गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान जिला साक्षरता सह समन्वयक ने बताया कि फरवरी 2024 में विकास खंड महेश्वर में लक्ष्य के अनुसार 3888 असाक्षरों को साक्षर किया जाना है। जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी बी. रायक ने नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत सभी ग्राम प्रभारियों, शाला प्रभारियों और शिक्षकों को अपने-अपने दायित्वों का शासन के निर्देशानुसार सुचारु रूप से निर्वहन करने के निर्देश दिए। बीआरसी ओपी गुप्ता ने नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के लक्ष्यों को शत प्रतिशत प्राप्त करने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के ब्लॉक प्रभारी अक्षय शर्मा, सह प्रभारी संजय बेस, बीएसी दीपक राठौड़, पूनमचंद वर्मा, जन शिक्षक तबरेज खैशगी, महेंद्र पटेल, सीताराम प्रजापत, दिलीप भूरिया, बलवीर सिंह सोलंकी, सरदार सिंह ठाकुर, राजेंद्र शर्मा, मजहर खान, अमर सिंह यादव, नरेंद्र राठौड़, राजेंद्र कर्मा, अजय राठौर, सीताराम मौर्य, भागू सिंह कटारे उपस्थित रहे ।